आज शाम सात बजे से होगा मुकाबला
नई दिल्ली, 06 मार्च। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया त्रिकोणीय क्रिकेट श्रृंखला निदाहास ट्रॉफी के पहले मुकाबले में मंगलवार को मेजबान श्रीलंका का सामना करेगी। भारतीय टीम इस मैच में जीत के साथ ही पिछले काफी समय से चला आ रहा जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी। भारतीय टीम इस दौरे में नियमित कप्तान विराट कोहली, अनुभवी खिलाड़ी महेन्द्र सिंह धोनी सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ियों के बिना ही आई है। रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका में टी20 शृंखला जीती थी। अब यही सिलसिला वह यहां भी जारी रखना चाहेंगे। इसके साथ ही रोहित इस दौरे में बेहतर बल्लेबाजी कर अपने को साबित भी करना चाहेंगे।
इस दौरे में युवाओं के पास बेहतर प्रदर्शन कर टीम में अपनी दावेदारी दिखाने का अच्छा अवसर रहेगा। इस मैच में भारतीय टीम का पलड़ा भारी है क्योंकि हाल दिनों में मेजबान श्रीलंका और तीसरी टीम बांग्लादेश का प्रदर्शन खास नहीं रहा है। वहीं आंकड़ों पर भी नजर डालें तो भारतीय टीम हावी नजर आ रही है। टीम इंडिया ने पिछले 10 मैच में 7 जीते है, 2 में टीम को हार का सामने करना पड़ा जबकि 1 मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ।
मेजबान श्रीलंका ने पिछले 10 मुकाबले में सिर्फ 2 टी-20 मैच जीता है। वही बांग्लादेश ने पिछले 13 टी-20 मैच में सिर्फ एक मैच ही जीता । भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने चार टी20 में कप्तानी की है और चारों जीते हैं। दूसरी ओर श्रीलंका के कप्तान दिनेश चंदीमल ने 24 मैचों में कप्तानी की है, वे 12 जीते और 12 ही हारे हैं। पहला मुकाबला आर प्रेमदास मैदान पर होना है। इसपर श्रीलंका ने 14 मुकाबले खेले हैं और कुल दो जीते हैं। वहीं भारत ने इस मैदान पर सात मैच खेले और छह जीते हैं। भारत को इस मैच में प्रमुख तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव के बिना मैदान में उतरना होगा, ऐसे में रोहित के लिए टीम संयोजन तय करना चुनौतीपूर्ण होगा हालांकि ऐसे में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत, ऑलराउंडर विजय शंकर और सुंदर वाशिंगटन , बल्लेबाज दीपक हुड्डा तथा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के पास श्रृंखला में अपने को साबित करने का मौका रहेगा।
रोहित और रैना में भी रहेगा मुकाबला
टी-20 के फार्मेट को अगर मिला दिया जाए तो छक्के मारने में रोहित आगे चल रहे थे। पहले यह रिकॉर्ड रैना के नाम था। क्योंकि रैना पिछले एक साल से टी-20 क्रिकेट नहीं खेले ऐसे में रोहित ने उनका छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोहित ने अभी तक 265 टी-20 मैचों की 253 पारियों में कुल 281 छक्के लगाए हैं जबकि सुरेश रैना ने 271 मैचों की 257 पारियों में 278 छक्के लगाए हैं। ऐसे में दोनों ने सिर्फ तीन छक्कों का ही फर्क है।







