लखनऊ। एसबीआई कप लखनऊ मीडिया प्रीमियर लीग (एलएमपीएल) 2025 के दूसरे दिन रविवार को तीन मैच खेले गए। पिछली चैंपियन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश ने चौक स्टेडियम पर दैनिक जागरण को 8 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम ने मयूर शुक्ला (56) और मार्तण्ड (54) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 5 विकेट पर 160 रन बनाए, जबकि दैनिक जागरण श्यामू की 84 रनों की पारी के बावजूद 152 रन ही बना सका। मयूर शुक्ला मैन ऑफ द मैच रहे।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम पर एलएसजेए एकादश ने विमल पाण्डेय के 64 रनों की मदद से 7 विकेट पर 163 रन बनाए और कम्बाइंड मीडिया (एलडब्लूजेयू) को 101 रन से हराया। कम्बाइंड टीम महज 62 रन पर सिमट गई। नदीम खान ने 4 विकेट लिए। विमल पाण्डेय मैन ऑफ द मैच चुने गए।
इसी स्टेडियम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने लीग में अपना अभियान जीत से शुरू किया और मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश को 9 विकेट से पराजित किया। विरोधी टीम ने 109 रन बनाए, जिसके जवाब में टाइम्स ने देवेश पाण्डेय (नाबाद 53) और अब्बास रिजवी (नाबाद 42) की पारियों से 13 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। देवेश पाण्डेय मैन ऑफ द मैच रहे।
टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष बने विवेक, अरुण बनर्जी महासचिव निर्वाचित
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ (UPTTA) के चुनाव में पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी विवेक कोहली (मेरठ) सर्वसम्मति से अध्यक्ष और अरुण कुमार बनर्जी महासचिव निर्विरोध चुने गए। चुनाव राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 के तहत संपन्न हुए। संजीव पाठक चेयरमैन नामित किए गए, जबकि कुमार विनीत और ऋषिराज त्यागी उपाध्यक्ष बने।







