लखनऊ, 21 जून : मुजफ्फरनगर में मां-बच्चे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। भोपा थाना क्षेत्र के रुड़कली गांव में मुस्कान नाम की एक महिला ने अपने प्रेमी जुनैद के साथ मिलकर अपने दो मासूम बच्चों क्रमशः 5 वर्षीय बेटे अरहान और 1 वर्षीय बेटी इनाया की हत्या कर दी। मुस्कान का अपने पति वसीम की गैरमौजूदगी में जुनैद के साथ ढाई साल से अवैध संबंध था। वसीम चंडीगढ़ में वेल्डिंग का काम करता था।
जुनैद और मुस्कान शादी करना चाहते थे, लेकिन जुनैद ने बच्चों का खर्च उठाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश रची। जुनैद ने कीटनाशक गोलियां और रसगुल्ले लाकर दिए, जिनमें मुस्कान ने जहर मिलाकर 19 जून की सुबह बच्चों को खिला दिया। रसगुल्ले खाने के बाद दोनों बच्चों की मौत हो गई। मुस्कान ने इसके बाद रोने का नाटक किया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। मुस्कान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, लेकिन उसे अपने बच्चों की हत्या का कोई पछतावा नहीं है।
पुलिस ने मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जुनैद फरार है और उसकी तलाश जारी है। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि दोनों भागने की फ़िराक में थे।







