लखनऊ, 2 अप्रैल : लखनऊ नगर निगम ने इस साल गृहकर वसूली के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक की सबसे अधिक राशि, 579.03 करोड़ रुपये गृहकर के रूप में जमा की है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 150 करोड़ रुपये अधिक है। इस कर वसूली में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के मार्गदर्शन से लगातार टैक्स में वृद्धि हुई। महीने के चारों शुक्रवार को समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिसमें लोगों की GIS से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण करके टैक्स जमा कराया गया।
नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने लखनऊ के नागरिकों को उनकी सक्रिय भागीदारी और समय पर कर जमा करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि नगर निगम अपनी आय बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
डिजिटल भुगतान ने निभाई बड़ी भूमिका
निगम ने गृहकर भुगतान को आसान बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा दिया है। अब नागरिक एसएमएस अलर्ट, ऑनलाइन बैंकिंग, पेटीएम, यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से आसानी से अपना गृहकर जमा कर सकते हैं। वर्ष 2024-25 में:
- ऑनलाइन बैंकिंग से 1.40 लाख ट्रांजेक्शन हुए, जिससे 62.19 करोड़ रुपये जमा हुए।
- पेटीएम क्यूआर कोड से 40 हजार ट्रांजेक्शन हुए, जिससे 22.86 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
- आरटीजीएस और एनईएफटी के जरिए क्रमशः 84.74 करोड़ और 75.55 करोड़ रुपये की वसूली हुई।
- बीबीपीएसी से 59,025 लोगों ने भुगतान किया, जिसमें 23.83 करोड़ रुपये जमा हुए। व्हाट्सऐप के माध्यम से 74 भवन स्वामियों ने 3,19,469 रुपये जमा किए हैं।
सीलिंग अभियान से बढ़ी वसूली
बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए निगम ने 6000 से अधिक भवनों को सील किया। इससे लंबित गृहकर की वसूली तेजी से हुई और नगर निगम को बड़ा आर्थिक लाभ मिला।
वर्षों में नगर निगम की गृहकर वसूली से इस तरह हुआ इजाफा
| वर्ष | गृहकर वसूली (रु. करोड़ में)
| |——|——————
| | 2013-14 | 107.98
| | 2014-15 | 130.14
| | 2015-16 | 150.44
| | 2016-17 | 192.26
| | 2017-18 | 177.02
| | 2018-19 | 234.16
| | 2019-20 | 208.21
| | 2020-21 | 270.84
| | 2021-22 | 290.08
| | 2022-23 | 341.36
| | 2023-24 | 425.84
| | 2024-25 | 579.03
समग्र कर वसूली में जबरदस्त उछाल
फिलहाल नगर निगम ने 5,05,689 भवन मालिकों (आवासीय: 4,33,581 व कमर्शियल: 72,108) से गृहकर वसूला है। पिछले वित्तीय वर्ष में 4,16,000 भवन मालिकों ने गृहकर जमा किया था। कुल कर वसूली में भी लगभग 50% की वृद्धि हुई है।
- 2023-24 में: नगर निगम ने कर व करेत्तर से 909 करोड़ रुपये टैक्स जमा किया था।
- 2024-25 में: यह आंकड़ा इस वित्तीय वर्ष 1355.32 करोड़ रुपये पहुंच गया।
नगर निगम लखनऊ के यूजर चार्ज कलेक्शन में 48% की बढ़ोतरी
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा जारी यूजर चार्ज कलेक्शन और तुलना रिपोर्ट (2024-25) के अनुसार, इस वर्ष कुल वसूली में 48% की वृद्धि दर्ज की गई है। 2023-24 में जहां ₹12.84 करोड़ का कलेक्शन हुआ था, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर ₹19.13 करोड़ हो गया।







