काली फिल्म लगाकर फर्राटा भरने वालों की खैर नहीं, कई वाहन जब्त, चालान कटे
लखनऊ : लखनऊ में यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के कुशल नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने सघन जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। कई वाहनों के चालान काटे गए तथा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों को मौके पर जब्त भी कर लिया गया। खासतौर पर शहर में काली फिल्म लगाकर तेज रफ्तार से घूम रहे वाहनों पर फोकस किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर ही वाहनों से काली फिल्म उतरवाकर नियमानुसार चालान किए और चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।
टीआई गोसाईगंज राधेश्याम सिंह और सहायक टीआई गोसाईगंज दिलीप यदुवंशी ने अपनी टीम के साथ अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बता दें कि ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा के लिए सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
डीसीपी रवीना त्यागी के नेतृत्व में चलाया गया यह अभियान साबित करता है कि ट्रैफिक नियमों की पालना अब सिर्फ सलाह नहीं, बल्कि सख्ती से लागू की जा रही है। लखनऊवासी अब सड़कों पर अनुशासन और सुरक्षा का माहौल महसूस कर रहे हैं।







