25 दिनों की नर्क यातना के बाद मां की गोद में लौटी बच्ची
लखनऊ। चिनहट पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक संवेदनशील मामले में राहत की सांस दी है। चिनहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम ने बुधवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से सीतापुर जिले से दो वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची 8 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पीड़िता महिला की तहरीर पर पुलिस ने शिव गेस्ट हाउस निवासी अनिल कुमार सिंह (पुत्र हीरालाल) को हिरासत में ले लिया है। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी पिछले 25 दिनों से उसे चिनहट क्षेत्र के एक होटल में जबरन रखे हुए था और देहव्यापार कराने की कोशिश कर रहा था। उसने अपनी दो वर्षीय बेटी को भी जबरन अपने पास रख लिया था।
आरोपी का दावा: महिला खुद छोड़कर चली गई
पूछताछ में अनिल कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि महिला उसकी परिचित थी और अपनी मर्जी से होटल में ठहरी हुई थी। 5 जुलाई को महिला अपनी बच्ची को छोड़कर अचानक गायब हो गई। बच्ची की देखभाल के लिए उसने सीतापुर निवासी एक परिचित महिला को सौंप दिया था।
पुलिस की सटीक कार्रवाई
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में टीम तुरंत सीतापुर रवाना हुई। मानपुर थाना क्षेत्र के सरवाहन पुरवा गांव पहुंचकर मासूम को सकुशल बरामद किया गया और तुरंत उसकी मां को सौंप दिया। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
आगे की जांच जारी
पुलिस महिला के आरोपों में जबरन शारीरिक शोषण और देहव्यापार की कोशिश की गहन छानबीन कर रही है। आरोपी के अन्य साथियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। फिलहाल मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों की सत्यता जांच रही है।







