कोलकता 09 जनवरी 2018। पश्चिम बंगाल के नोआपाड़ा विधानसभा उप-चुनाव से पहले भाजपा की प्रत्याशी और तृणमूल कांग्रेस की पूर्व विधायक मंजू बसु ने उसका पाला छोड़ कर तृणमूल का दामन थाम लिया है। भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने सोमवार शाम उप-चुनाव के लिए पार्टी के प्रत्याशी के रूप में मंजू बसु के नाम की घोषणा की थी।
इसके कुछ घंटों के बाद ही मंजू ने स्पष्ट किया कि वह अब भी तृणमूल कांग्रेस के साथ हैं। मंजू ने कहा मैं तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी की वफादार सिपाही हूं। मैं अब भी तृणमूल के साथ हूं और ममता बनर्जी में मेरा पूरा विश्वास है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि मंजू ने पार्टी के टोल-फ्री नंबर पर सदस्यता के लिए मिस्ड कॉल किया था। उनके पार्टी से जुड़ने के बारे में कोई अधिकारिक घोषणा नहीं की गयी थी।
तृणमूल के टिकट पर नोआपाड़ा से दो बार विधायक रही मंजू ने मामले पर ज्यादा कुछ नहीं कहा। बस इतना बताया कि भाजपा के प्रस्ताव को खारिज करने का यह उनका निजी निर्णय है। उन्होंने कहा आपको कई राजनीतिक दलों से प्रस्ताव मिल सकते हैं, लेकिन इसे स्वीकार करने या नहीं करने का फैसला आपका व्यक्तिगत होता है। कुछ महीनों पहले कांग्रेसी विधायक मधुसूदन घोष के निधन के चलते नोआपाड़ा विधानसभा सीट खाली हुई थी। यहां उप-चुनाव 29 जनवरी को होने वाला है और मतगणना एक फरवरी को होगी।






