लखनऊ 04 जनवरी-2018। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में घायल सिपाही अंकित तोमर की बुधवार देर रात नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में मौत हो गई। प्रदेश सरकार ने शहीद अंकित के परिजनों को 50 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। योगी आदित्यनाथ ने शहीद सिपाही की वीरता और साहस की प्रशंसा करते हुए उनके परिजनों को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की। आर्थिक सहायता के रूप में 40 लाख रुपए शहीद की पत्नी व 10 लाख रुपए उनके माता-पिता को दिए जाएंगे। मंगलवार को बदमाश साबिर से हुई मुठभेड़ में अंकित के सिर व छाती में गोली लग गई थी। दिमाग में गोली धंसने से वह कोमा में चले गए थे। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। देश के वरिष्ठ चिकित्सकों ने अंकित के ब्रेन में धंसी गोली निकालने के लिए भरसक प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। साबिर मुठभेड़ में मारा गया था।







