मुंबई, : अंधेरी पश्चिम के वार्ड क्रमांक 61 से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार फिरदोस बानो उर्फ जारा खान इन दिनों पद यात्रा के जरिए जोरदार चुनाव प्रचार कर रही हैं। घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद साधते हुए वे क्षेत्र की जमीनी हकीकत को समझ रही हैं और वादा कर रही हैं कि चुनी जाने पर सबसे पहले बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करेंगी।

जारा खान, जो कई वर्षों से समाजवादी पार्टी की कार्यकर्ता रह चुकी हैं, बताती हैं कि “वार्ड 61 में घूमते हुए अब साफ दिख रहा है कि यहां की जनता पीने के पानी, गटर-नालों की सफाई, शौचालयों की कमी, चाल-गलियों की खराब सड़कों, बरसात में जलजमाव और स्वच्छता जैसी रोजमर्रा की समस्याओं से जूझ रही है। लोग रोज जद्दोजहद करते हैं, लेकिन राहत नहीं मिलती।”
उनकी प्राथमिकताओं में झोपड़पट्टियों में पर्याप्त शौचालयों का निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम का नवीनीकरण, जलजमाव की समस्या खत्म करना और नियमित पानी की आपूर्ति शामिल है। क्षेत्र में मराठीभाषी, उत्तर भारतीय, मुस्लिम और दलित समुदाय के मतदाता बहुल हैं, और जारा खान का फोकस इन सभी वर्गों की आवाज को BMC में मजबूती से उठाने पर है।पद यात्रा के दौरान लोग उन्हें अपनी परेशानियां बता रहे हैं, और प्रत्याशी हर समस्या को नोट कर रही हैं। उनका कहना है – “मैं यहां की बेटी हूं, इन समस्याओं से वाकिफ हूं। अब समय आ गया है कि इनका समाधान हो और वार्ड 61 विकास की मुख्यधारा में आए।”
BMC चुनाव 15 जनवरी को होने हैं, और जारा खान की यह ग्राउंड-लेवल पद यात्रा स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा बटोर रही है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रचार में जुटे हैं। (शगुन न्यूज़ इंडिया – लोकल इश्यूज, लोकल आवाजें https://shagunnewsindia.com/)






