विधायक, मेयर व पूर्व विधायक समेत कई बड़े नाम के खुलासे , सांसद ने योगी को पत्र लिखकर जांच की मांग की, अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने कहा कि अवैध कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई होगी
अयोध्या । अयोध्या विकास प्राधिकरण ने 40 अवैध प्लाटिंग करने वालों की सूची जारी की है। इसमें अयोध्या के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा सहित कई अन्य के नाम शामिल हैं। बता दें कि अयोध्या से भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने अधिकारियों और भू-माफियाओं के बीच गठजोड़ को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। सांसद ने एसआईटी बनाकर जांच करने की मांग भी की थी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने कहा कि अवैध कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई होगी। लल्लू सिंह ने अपने पत्र में लिखा कि अयोध्या में भू माफियाओं का ऐसा दबदबा है कि पूर्व में संबंधित तात्कालिक अधिकारियों कर्मचारियों के साथ मिलकर नजूल और डूब-क्षेत्र (दरिया बुर्ज) की जमीनों में कागज में लिखकर के लोगों को गुमराह कर जमीनों की एन केन प्रकरेण उनके नाम कर दिया गया। जिसमें रोजी-रोटी कमाने वाले जो व्यक्ति शहरों में रहना चाहते हैं, इस तरह के लोगों के साथ उक्त जमीन को बेचकर करोड़ों अरबों रुपयों की हेराफेरी की गई है। जमथरा घाट से गोलाघाट तक की जमीनों पर भूमाफिया का व्यापार फल फूल रहा है।
उन्होंने लिखा कि तीन दशकों से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नजूल का किसी भी प्रकार का पट्टा नहीं किया जा रहा है, और न ही किए गए पट्टे का रिन्यूअल हो रहा है। डूब क्षेत्र जमीनों पर किसी प्रकार का फ्रीहोल्ड भी नहीं हो रहा है फिर भी उपरोक्त जमीन का किन परिस्थितियों में भू माफियाओं द्वारा डूब क्षेत्र में नजूल की भूमि का विक्रय किया गया जिस पर स्थाई व अस्थाई लोगों के द्वारा निर्माण कराया जा रहा है।
लल्लू ने अपने पत्र में कार्रवाई की मांग करते हुए लिखा कि अयोध्या महानगर विकसित होने में विभिन्न योजनाओं में जमीनों का आरक्षित होना जरूरी है। इस कारण अयोध्या में जमथरा से गोलाघाट तक भू माफियाओं द्वारा नजूल और डूब क्षेत्र की विक्रय की भूमि में भ्रष्टाचार की जांच करवाकर तत्कालीन दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।






