मुंबई, 02 जुलाई, 2021: दूरसंचार क्षेत्र में बढ़ रहे दबाव से बाहर निकलने के लिए एयरटेल मोबाइल टैरिफ को बढ़ाने पर विचार कर रही है। यह बात एयरटेल के अध्यक्ष सुनील मित्तल ने खुद एक कार्यक्रम के दौरान कही। टेलीकॉम इंडस्ट्री पर बढ़ रहे दबाव को कम करने और 5जी सेवाओं को शुरू करने के मकसद से मार्केट में डटे रहने के लिए एयरटेल अपने मोबाइल टैरिफ में बढ़ोतरी कर सकती है। इस बात के संकेत भारती एयरटेल के अध्यक्ष सुनील मित्तल ने दिए।
उन्होंने कहा कि दूरसंचार क्षेत्र में जबरदस्त तनाव है जिसके चलते टैरिफ बढ़ाने की जरूरत है। ऐसे में एयरटेल कीमतें बढ़ाने में संकोच नहीं करेगा। हालांकि इसका फैसला एक तरफा नहीं होगा। मित्तल ने कहा कि यह कहना कि दूरसंचार उद्योग में महज थोड़ी परेशानी है, सही नहीं होगा क्योंकि वास्तव में यह बहुत अधिक तनाव में है मगर मुझे उम्मीद है कि सरकार प्राधिकरण और दूरसंचार विभाग सभी इस मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करेंगे और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें, साथ ही इस बात पर ध्यान दें कि कम से कम तीनों ऑपरेटरों के जरिए भारत का डिजिटल सपना बरकरार रहे। उन्होंने ये बातें उपग्रह संचार कंपनी वनवेब के एक कार्यक्रम में कही।







