पार्षद अनुराग मिश्र ने किया उद्घाटन, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास बढ़ाने का मिला जरिया
लखनऊ। खुन खुन जी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में छात्राओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए ओपन जिम का उद्घाटन स्थानीय पार्षद अनुराग मिश्र ने किया।
प्राचार्या डॉ. अंशु केड़िया और निरंजन शर्मा ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। प्राचार्या ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ शारीरिक स्वास्थ्य भी जरूरी है।
यह जिम छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। पार्षद अनुराग मिश्र ने कॉलेज को एक सबमर्सिबल पंप भी भेंट किया और कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
उन्होंने प्राचार्या व शिक्षकों को बधाई देते हुए छात्राओं और स्टाफ को नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विक्रम सिंह, राजेश बत्रा, अजय आनंद सहित कई अतिथि मौजूद रहे। प्राचार्या डॉ. अंशु केड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और छात्राएँ उपस्थित रहीं।







