लखनऊ : उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ऑरेंज अलर्ट के बाद CM योगी ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य, बिजली और राहत विभागों को पूरी सतर्कता बरतने को कहा है।
CM योगी के प्रमुख निर्देश
- संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी, सभी विभागों में समन्वय बनाए रखें।
- सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार रखें, पर्याप्त दवाएं और डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करें।
- एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रखें।
- पेयजल संकट न हो, सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त पानी की व्यवस्था हो।
- बिजली विभाग अनावश्यक कटौती न करे, खराब ट्रांसफॉर्मर तुरंत बदले जाएं।

19 से 21 मई तक अति उष्ण लहर का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार 19, 20 और 21 मई को प्रदेश के कई इलाकों में अति उष्ण लहर (Severe Heat Wave) चलेगी। तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
CM योगी ने जनता से अपील की है कि लोग दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। स्कूलों, निर्माण स्थलों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजारों में छाया और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सरकार का साफ़ संदेश है कि गर्मी से बचाव सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन पर संपर्क करें।






