उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दिया बड़ा आश्वासन
लखनऊ। अलीगंज में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद राजधानी के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर अग्निशमन विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और आवास विकास परिषद द्वारा बड़े पैमाने पर नोटिस चस्पा किए जाने के मामले में व्यापारियों ने सरकार का दरवाजा खटखटाया।
व्यापार मंडल का उपमुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार सुबह उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के आवास पर पहुंचा। संजय गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
“94% भवनों पर कार्रवाई से रोजी-रोटी का संकट”
ज्ञापन में संजय गुप्ता ने बताया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण के अनुसार राजधानी में केवल 6% भवनों के ही मानचित्र स्वीकृत हैं। अगर शेष 94% भवनों पर सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई तो बड़ी अव्यवस्था पैदा हो जाएगी और हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा।
व्यापारियों का आश्वासन
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट आश्वासन दिया कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ व्यापारियों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
दीर्घकालिक समाधान पर जोर
संजय गुप्ता ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सामूहिक, व्यवहारिक और दीर्घकालिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि आदर्श व्यापार मंडल व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा और अन्य आपदाओं से बचाव के लिए लगातार जागरूक कर रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल
प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के साथ नगर महामंत्री संजय त्रिवेदी और नगर महामंत्री मोहित कपूर भी मौजूद रहे।
यह बैठक अलीगंज अग्निकांड के बाद व्यापारियों की चिंताओं को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें सुरक्षा और आजीविका दोनों को संतुलित करने का संदेश निकला है।







