लोकभवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, सभी जिलों में होगा लाइव प्रसारण और चेक वितरण
लखनऊ: प्रदेश सरकार 17 मई 2026 को अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और उनके बढ़े हुए मानदेय वितरण के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
राजधानी के लोकभवन सभागार में शाम 4 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम का सभी जिलों में लाइव प्रसारण किया जाएगा।
सरकार ने अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला पहले ही लिया था, जो 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ हर जिले में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रतीकात्मक चेक वितरित किए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने इसे शिक्षकों के सम्मान और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित किया जाए और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो। जिलों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों द्वारा बढ़े मानदेय के चेक सौंपे जाएंगे, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।







