लखनऊ। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश व वन ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनाने के लिए प्रतिबद्ध सरकार द्वारा प्रदेश में स्वरोजगार स्थापित करने को उड़ान दी जा रही है। ‘हर कदम उद्यमिता की ओर, हर युवा आत्मनिर्भरता की ओर’ के साथ प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक फ्रेमवर्क तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत डेढ़ लाख युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत केंद्रीय बैंकों के साथ मिलकर युवाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। इन बैंकों द्वारा अभियान के अंतर्गत पंजीकरण, आवेदन स्वीकृति और धनावंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। आवेदनों को तयशुदा वक्त में स्वीकृत किया जा रहा है।
प्रदेश में वित्त वर्ष 2024-25 में निर्धारित लक्ष्य अधिक प्राप्त आवेदनों की संख्या को देखते हुए वर्ष 2025-26 में लक्ष्य को बढ़ाकर डेढ़ लाख कर दिया गया है। योजना का लाभ उपलब्ध कराने में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया टॉप पर हैं, वहीं पंजाब नेशनल बैंक व बैंक ऑफ बड़ौदा क्रमशः दूसरे व तीसरे पायदान पर हैं। इसके अलावा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, आर्यावर्त ग्रामीण बैंक, इंडियन बैंक व सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा भी युवाओं को धनावंटन किया जा रहा है।







