आज देश का युवा रोजगार मांग रहा है
मुंबई, 13 जून। लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में जुटे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को मुंबई में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान राहुल ने कहा कि देश को सिर्फ कांग्रेस पार्टी बचा सकती है। उन्होंने बीजेपी के ही वरिष्ठ नेताओं लाल कृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी के साथ ही आर्थिक अपराधी नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने रोजगार को लेकर मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि आज देश का युवा रोजगार मांग रहा है लेकिन देश में सारा सामान ‘मेड इन चाइना’ का है। उन्होंने कहा कि देश का युवा कह रहा कि मैं देश का भला कर सकता हूं,मैं चीन का मुकाबला करना चाहता हूं। लेकिन पीएम कह रहे हैं कि नहीं तुम अपने देश को फायदा मत पहुंचाओ, तुम एक-दूसरे से लड़ो, रोजगार की कोई जरूरत नहीं,काम करने की जरूरत नहीं, मैं पीएम हूं,मेरे भाषणों से देश चलेगा।
किसानों की समस्या का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों का 70 हजार करोड़ रुपया माफ किया,जबकि इस सरकार के समय में नीरव मोदी 35 हजार करोड़ रुपये लेकर भाग जाता है, पीएम नीरव मोदी और मेहुल चौकसी को भाई कहते हैं,ये मैं नहीं कह रहा, टीवी में दिखाया गया था। उसके भागने पर मोदी जी के मुंह से एक शब्द नहीं निकला,अमित शाह जी का बेटा 50 हजार को 80 करोड़ में बदल देता है, पूरी मुंबई में ऐसा कोई व्यापारी नहीं होगा जो ये कारनामा कर सके।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि मोदी दी ने कहा था कि मैं देश का चौकीदार बनना चाहता हूं। अब लोग हंस रहे हैं, क्योंकि आप गलत समझे, नरेंद्र मोदी देश के 15-20 सबसे अमीर लोगों के चौकीदार बनना चाहते थे। वे चौकीदार बने हैं, पर उनकी रक्षा कर रहे हैं। राहुल ने कहा, ‘मेरे पास विपक्ष के एक सीनियर नेता आए, मैं नाम नहीं बताऊंगा। मेरे साथ एक-दो घंटा बैठे। उन्होंने कहा कि 50 साल से मैं कांग्रेस पार्टी के खिलाफ लड़ रहा हूं। 50 साल बाद मुझे ये बात समझ आई कि कांग्रेस ही देश की रक्षा कर सकती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘मुझे खराब लगता है, मुझे कहना नहीं चाहिए। हम आडवाणी जी के खिलाफ लड़े, कांग्रेस पार्टी ने उन्हें हराया,2004, 2009 में हम उनके खिलाफ लड़े। मुझे काफी दुख होता है। मैं संसद में आडवाणी की रक्षा करता हूं, मैं उनके साथ खड़ा होता हूं। मैं उन्हें आगे खड़ा करता हूं,जो उनके शिष्य थे वे ऐसा नहीं करते। प्रधानमंत्री के गुरु कौन थे एलके आडवाणी, उन्होंने अपने गुरु का क्या किया,मोदी जी अपने गुरु की किसी फंक्शन में उनकी इज्जत नहीं करते। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा उनकी इज्जत करती है, हममें और उनमें ये फर्क है।
राहुल ने कहा कि हम वाजपेयी जी के खिलाफ लड़े, लेकिन वाजपेयी ने हिंदुस्तान के लिए काम किया। वह देश के पीएम रहे हैं। हम उनके पद का आदर करते हैं, अगर वाजपेयी जी बीमार हैं तो हम उनके साथ खड़े रहने वाले हैं, ये हमारा इतिहास है,धर्म है, मैं शायद थोड़ा ज्यादा बोल गया।







