प्रणब के समर्थन में आये शिंदे
नागपुर, 08 जून। अब कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण स्वीकार करना गलत नहीं है। शिंदे ने कहा कि प्रणब एक धर्मनिरपेक्ष व्यक्ति एवं बहुत अच्छे चिंतक हैं। वह हमेशा धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण सामने रखेंगे और वहां संघ के कार्यक्रम में भी वह वही करेंगे। वह बहुत अच्छे चिंतक हैं और उनका वहां जाना एवं उस मंच पर भाषण देना एक महत्वपूर्ण बात है।’’
पूर्व गृहमंत्री रहे शिंदे ने एक कार्यक्रम में कहा कि मुखर्जी द्वारा न्यौता स्वीकारना गलत नहीं है और उनके विचारों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नीति में यदि कुछ सुधार आता है तो हमें बहुत खुशी होगी। प्रणब को नागपुर में संघ के मुख्यालय में स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण शिविर संघ शिक्षा वर्ग के समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है।
यह कार्यक्रम सात जून को होगा। इससे साफ है कि संघ के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस एकमत नहीं है जहां कई नेता इसमें जाने का विरोध कर रहे हैं वहीं कुछ नेताओं का मानना है कि इसमें कुछ गलत नहीं है।







