ये घटना यह बताने के लिए काफी है कि आज भी दलितों की स्थिति कितनी भयावह है
नई दिल्ली,12 मई। उत्तर पश्चिम दिल्ली के भाजपा सांसद एवं “अनुसूचित जाति/जन जाति का अखिल भारतीय परिसंघ ” के राष्ट्रीय चेयरमेन डॉ उदित राज ने सहारनपुर में महाराणा प्रताप जयंती के दौरान भीम आर्मी के कार्यकर्त्ता सचिन वालिया को गोली मार दिए जाने की घटना पर अपना रोष व्यक्त किया है।
उन्होंन कहा “सहारनपुर में दलित कार्यकर्ता सचिन वालिया को जिस तरह दिनदहाड़े प्रशासन के सामने गोली मार दी गई उससे पता चलता है की दलितों के प्रति समाज में आज भी कितनी नफरत एवं घृणा है। डॉ.उदित ने कहा कि सहारनपुर में दलित युवक सचिन वालिया की मौत जिस तरह प्रशासन के आला-अधिकारिओं के आँख के सामने हुआ वो शर्मनाक एवं देश को कलंकित करने वाली घटना है|
सचिन दलित समाज के हक के लिए लड़ने वाला नौजवान था जिसे महाराणा प्रताप की जयंती मानाने के लिए इकठ्ठा हुई ऊँची जाति के लोगों की भीड़ ने घेरकर गोली मार दी और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। उन्होंने कहा कि ये घटना यह बताने के लिए काफी है कि आज भी दलितों की स्थिति कितनी भयावह है। जब 2 अप्रैल को दलितों ने भारत बंद किया तो देश स्तब्ध रहा की ऐसा कैसे हो गया ? दलित भारत बंद कैसे करा सकता है इस दुर्भावना से दलितों के ऊपर लगातार हिंसा हो रहे हैं।
अभी भी सामाजिक न्याय की लड़ाई कितनी लम्बी है:
देश के कई जिलों में 2 अप्रैल कि घटना के बाद बड़े स्तर पर गिरफ्तारियाँ एवं फर्जी मुकदमें दर्ज हुए है, ज्यादातर मुकदमें ग्वालियर, जोधपुर, सीकर, बाड़मेर, हापुड़, जालोर, भिंड, जयपुर एवं करौली जिले में दर्ज हुई है। सचिन वालिया जैसे निर्दोष दलित की हत्या भी इसी दुर्भावना के कारण हुई हैं । समाज में व्याप्त जातिगत भेदवाव,हिंसा एवं शोषण रूकने का नाम नहीं ले रहा है।
जब पुलिस की मौजूदगी में इस तरह दिनदहाड़े किसी दलित को गोली मार दिया जाता है तो आप सोच सकते है हम अब भी दलितों के सशक्तिकरण से कितना दूर है एवं अभी भी सामाजिक न्याय की लड़ाई कितनी लम्बी है। 2 अप्रैल के बाद से जिसतरह हमारा समाज हिंसा एवं कटुता के कारण आपस में बंट गए है वो अप्रत्याशित है। साथ ही दलितों के खिलाफ इतनी घृणा एवं सामूहिक हिंसा भी इस कदर संगठित रूप से पहले नहीं देखी गयी।
सांसद डॉ उदित राज ने राज्य सरकार से अपील करते हुए आगे कहा “मै उम्मीद करता हूँ की राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन निष्पक्ष रूप से कार्य करेगी एवं सचिन वालिया के हत्यारे को गिरफ्तार करके जल्द से जल्द हत्यारे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जायेगा। इस वक़्त सहारनपुर में स्थिति काफी तनावपूर्ण है एवं वहां दलितों में भय एवं असुरक्षा का माहौल है। प्रशासन से उदित राज ने अपील किया है की दलितों के हितों की रक्षा की जाये एवं उनको पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराया जाये। साथ ही सचिन वालिया को राज्य सरकार मुआवजा के साथ साथ उनके परिवार जन को नौकरी दे जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण हो सके।







