नई दिल्ली 04 दिसम्बर। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छठा सवाल किया है। इस सवाल में उन्होंने अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन का मुद्दा उठाया है। राहुल गांधी ने अपनी 22 सालों का हिसाब, गुजरात मांगे जवाब’ सीरीज के छठे सवाल में मोदी से पूछा है कि आखिर क्यों अनुबंध में काम करने वाले लोगों को पूरा वेतन नहीं मिलता है। उन्होंने सवाल किया, ‘भाजपा की दोहरी मार। एक तरफ युवा बेरोजगार, दूसरी तरफ लाखों फिक्स पगार और कान्ट्रैक्ट कर्मचारी बेजार। सातवें वेतन आयोग में 18000 रुपये मासिक होने के बावजूद फिक्स और कॉन्ट्रेक्ट पगार 5500 रुपये और 10000 क्यों ?’
गुजरात चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी सवालों के बाण पीएम नरेंद्र मोदी पर दाग रहे हैं। इससे पहले पूछे गए सवालों में राहुल गांधी महिला सुरक्षा, गुजरात में बिजली की दरों, राज्य के वित्तीय प्रबंधन और राज्य की आवास योजना का मुद्दा उठा चुके हैं। बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। चुनाव दो चरणों नौ और 14 दिसंबर को होगा। गुजरात विधानसभा की 182 विधानसभा सीटों के परिणाम 18 दिसंबर को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे।







