लखनऊ 28 दिसम्बर। शीत लहर के प्रकोप से बचाव हेतु रैन बसेरा, अलाव व्यवस्था के सत्यापन एवं कम्बल वितरण हेतु 29 दिसम्बर तथा 01 व 02 जनवरी को प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर निराश्रित एवं असहाय वर्ग के व्यक्तियों को राहत पहुँचाने हेतु शासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।यह जानकारी प्रमुख सचिव,राजस्व डा रजनीश दुबे ने प्रदेश के समस्त मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों को जारी निर्देश में दिये हैं।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि प्रथम चरण में 29 दिसम्बर को सांसद गण,मंत्रीगण एवं विधायकगण की उपस्थिति में जिला मुख्यालय पर पात्र लोगों को कम्बल वितरण कराया जाये।28 दिसम्बर की रात्रि को जिलाधिकारी स्वयं जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीम गठित कर जलाये जा रहे अलाव,रैन बसेरा,अस्थायी सेल्टर होम में मूलभूत सुविधाओं का सत्यापन करायें। दूसरे चरण में 02 जनवरी,2018 को सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उक्त मा मंत्रीगणों व जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र लोगों को प्रत्येक तहसीलों पर कम्बल वितरण करना सुनिश्चित करें।
01 जनवरी,2018 को स्वयं जिलाधिकारी रात्रि को जिलाधिकारी स्वयं तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीम गठित कर जलाये जा रहे अलाव,रैन बसेरा,अस्थायी सेल्टर होम में मूलभूत सुविधाओं का सत्यापन करायें।प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए हैं कि जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से रात्रि में छूटे हुए पात्र लोगों को यथा रेलवे स्टेशन,बस स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर मौके पर ही कम्बल वितरित किया जाय। शासन द्वारा शीतलहर के प्रकोप से बचाव हेतु किए जा रहे उक्त कार्य का प्रचार-प्रसार भी करायें। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि शासन के उक्त निर्देश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रथम एवं द्वितीय चरण की समाप्ति के दो दिवस के अन्दर कृत कार्यवाही की सूचना निर्धारित प्रारूप पर ई-मेल rahat@nic.in पर उपलब्ध करायें।







