नई दिल्ली, 22 मार्च। अपना दल अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने संसद भवन में संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार के कार्यालय में मुलाक़ात की। वह पिछले कुछ समय से भाजपा से असंतुष्ट चल रही हैं। अनुप्रिया पटेल ने योगी सरकार के मंत्रियों से अपने विधायकों की शिकायत बारे में अमित शाह को अवगत कराया। सूत्रों के अनुसार शाह से मनाने से वह मान गई हैं।
अमित शाह ने भरोसा दिया उनके विधायकों की शिकायतों को दूर किया जाएगा। 10 अप्रैल को अपने यूपी दौरे के समय वो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्या और दिनेश शर्मा, यूपी भाजपा अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय और संगठन मंत्री सुनील बंसल और यूपी के एनडीए की सहयोगियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें मतभेद तथा शिकायत दूर करने का प्रयास होगा। अनुप्रिया पटेल ने राज्य सभा चुनाव में समर्थन का वादा किया।
बता दें, इससे पहले केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान से मुलाकात की थी। बिहार और यूपी उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों की हार के बाद और टीडीपी के एनडीए से बाहर जाने के बाद रामविलास पासवान और चिराग पासवान ने एनडीए में साथी दलों के साथ भेदभाव को लेकर सवाल उठाये थे। उसके बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा महासचिव और बिहार बीजेपी के इंचार्ज भूपेन्द्र यादव ने रामविलास पासवान से मुलाकात कर नाराजगी को दूर किया।







