कहा जाति-धर्म के नाम पर लड़ाने वालों से रहें सावधान, झंडा और वेबसाइट का किया उद्घाटन
मदुरै 22 फरवरी 2018। दक्षिण भारतीय फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता कमल हासन ने अपनी राजनीतिक पार्टी के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी। बुधवार को लॉन्च की गई ‘मक्कल नीति मय्यम’ नामक पार्टी के नामकरण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। हिंदी में मक्कल नीति मय्यम (एमएनएम) का अर्थ ‘लोक न्याय पार्टी’ होता है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को अपना आदर्श बताते हुए कमल हासन ने अपनी पार्टी को ‘लोगों की पार्टी’ करार दिया।
कमल ने कहा शिक्षा सबको उपलब्ध होनी चाहिए। जाति धर्म के नाम पर संघर्ष नहीं होने चाहिए। आपको आज की राजनीतिक व्यवस्था में सुधार के लिए आपको भी योगदान करना होगा। मैं आपको भाषण देने की जगह चाहूंगा कि आप एक राजनीतिक दल के बेहतर संचालन के लिए सुझाव दें। कमल हासन ने इस दौरान अपनी पार्टी के झंडे का भी अनावरण किया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ आप के तमिलनाडु प्रभारी सोमनाथ भारती भी मंच पर मौजूद रहे।
आपको बता दें कि इससे पहले कमल हासन ने बुधवार सुबह रामेश्वरम में कलाम के घर जाकर उनके भाई मुहम्मद मुथुमीरन लेब्बाई मराईक्कायार से आशीर्वाद लिया। इस दौरान कलाम के परिजनों ने उन्हें पूर्व राष्ट्रपति के चित्र वाला स्मृति चिह्न भेंट किया। कमल हासन ने पीकारुंबु में कमाल के स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। हालांकि कार्यक्रम के मुताबिक कमल उस स्कूल में जाकर बच्चों को संबोधित नहीं कर पाए जहां कलाम ने पढ़ाई थी। स्थानीय प्रशासन से दौरे को ‘राजनीतिक’ बताकर कमल को स्कूल जाने की इजाजत नहीं दी।







