निवास पर करुणानिधि के बेटे और द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष स्टालिन ने हासन का किया स्वागत
चैन्नई, 19 फरवरी। राजनीति में आने के बाद फिल्मस्टार कमल हासन रविवार को द्रमुक अध्यक्ष एम करुणानिधि और सुपरस्टार रजनीकांत से मिले। हासन ने कहा कि 21 फरवरी को अपनी पार्टी शुरू करने से पहले वह उन लोगों से मिल रहे हैं जिन्हें वह पसंद करते हैं। रविवार को अपने साथी कलाकार से मिलने के उपरांत उन्होंने 93 वर्षीय करुणानिधि से उनके निवास पर मुलाकात की।
यदि मेरी विचारधारा द्रमुक को भाती है तो सोच सकता हूं: कमल हासन
करुणानिधि के बेटे और द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष एमके स्टालिन ने हासन का स्वागत किया। करुणानिधि से भेंट के पश्चात हासन ने कहा कि उनका आशीर्वाद लेने और उन्हें अपनी राजनितिक यात्रा के बारे में बताने के लिए उनसे उन्होंने भेंट की। वैसे जब उनसे पूछा गया कि क्या वह द्रमुक के साथ गठजोड़ करेंगे तो उन्होंने कहा कि द्रमुक की विचारधारा ज्ञात है। यदि मेरी विचारधारा द्रमुक को भाती है तो उसके बारे में सोच सकता हूं।
हासन के लिए दैवीय आशीर्वाद की प्रार्थना करते हैं: रजनीकांत
रजनीकांत ने कहा कि वह अपने दोस्त हासन के लिए दैवीय आशीर्वाद की प्रार्थना करते हैं और उनके राजनीतिक प्रयास में सफलता की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि सिनेमा में उनकी और हासन की अलग-अलग शैलियां है। हो सकता है कि यह इस बात का संकेत है कि राजनीति में भी उनके रास्ते अलग ही होंगे। कुछ दिन पहले हासन ने कहा था कि यदि रजनीकांत का रंग भगवा है तो उन दोनों के बीच गठबंधन की संभावना नहीं है। रजनीकांत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अच्छे समीकरण हैं।







