वाराणसी, 09 अगस्त 2018: अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष रहे प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जब जीएसटी और तीन तलाक पर कानून बन सकता है, तो संसद में राममंदिर पर कानून बन सकता है। अब जबकि मानसून सत्र चल रहा है, तो ऐसे में कानून बनाने की जरूरत है। तोगड़िया ने कहा अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सरकार को अध्यादेश लाना चाहिए। उन्होंने साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं कर सकते तो हटने के लिए तैयार रहो। यदि अगर कानून बनाया हो तो हम अगली बार सरकार बनवाएंगे।
वाराणसी में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए तोगड़िया ने कहा कि बहुत जल्द सुप्रीम कोर्ट का फैसला राम मंदिर के पक्ष में आने वाला है। एनआरसी मुद्दे पर उन्होंने कहा मेरा सरकार से यही पूछना है कि देश में 40 लाख बांग्लादेशी रहते हैं, तो उनको इतने वर्षों में वापस क्यों नहीं भेजा गया। सरकार की मंशा पर सवालिया निशान लगाते हुए उन्होंने कहा कि केवल लिस्ट बनाने से कुछ नहीं होने वाला, एक दिशा में काम करना होगा। देशहित में इन 40 लाख बांग्लादेशियों को उनके देश भेजा जाना जरूरी है।
मुजफ्फरपुर और देवरिया कांड में पर उन्होंने कहा कि जगह-जगह बहन बेटियों की सुरक्षा खतरे में है। पूरे देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है। उन्होंने कहा खेत में किसान, सीमा पर जवान और देश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। आखिर केंद्र सरकार कर क्या रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि यह सरकार कई मुद्दों पर पूरी तरह फेल साबित हुई है। इससे पहले तोगड़िया ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि हमने संकल्प लिया था कि काशी खंड में वर्णित एक भी मंदिर टूटने नही देंगे, वह संकल्प आज भी जारी है।







