नई दिल्ली, 27 जुलाई 2018: क़ांग्रेस और शिवसेना एक-दूसरे की धुर विरोधी है पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को जन्मदिन पर बधाई दी है। राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, श्री उद्धव ठाकरे जी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करता हूं।
शिवसेना और भाजपा के बीच बढ़ती तनातनी के बीच राहुल गांधी की ओर से दी गई इस शुभकामना के कई मायने हो सकते हैं। हालांकि कांग्रेस और शिवसेना के बीच गहरे राजनीतिक और वैचारिक मतभेद हैं। लेकिन बदलते समीकरणों के बीच अब इन सबका कोई मायने नहीं है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पार्टी के मुखपत्र को दिये इंटरव्यू में उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी और उनकी सरकार पर कई हमले किये थे।
उन्होंने कहा 2014 के जनमत का रुझान जनता की गलती नहीं बल्कि जनता से ठगी थी। उद्धव में राजनीति में पैसे का जोर खासकर भाजपा पर व्यंग करते हुए पूछा है कि यह पैसा कहां से आता है, यह पता चल गया तो अन्य राजनीतिक दलों को भी लाभ होगा। वहीं अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान राहुल गांधी के भाषण की भी ठाकरे ने जमकर तारीफ की थी।
बता दें कि इस समय शिवसेना और भाजपा गठबंधन में होते हुये भी एक दूसरे खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। हालांकि महाराष्ट्र में शिवसेना भाजपा सरकार से अलग हो चुकी है लेकिन केंद्र में अभी शामिल है। देखने वाली बात होगी कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी एनडीए में बनी रहती या फिर अलग रास्ता अपनाती है। वहीं कांग्रेस भी यूपीए के कुनबे को मजबूत करने में जुटी हुई है।







