लखनऊ, 23 जुलाई 2018: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को कहा कि बसपा की कोई आधिकारिक वेबसाइट नहीं है। उन्होंने कहा बसपा का कोई आधिकारिक ट्विटर या फेसबुक एकाउंट भी नहीं है। उन्होंने कहा अगर बसपा के नाम से कोई आफिशियल वेबसाइट, ट्विटर एकाउंट या फेसबुक एकाउंट चल रहा है, तो वह फर्जी है।
मायावती ने साफ किया कि बसपा अपनी कमेटियों में लगभग 50 प्रतिशत युवाओं को रखती है। लिहाजा ऐसी स्थिति में बसपा को अलग से बीएसपी यूथ फ्रंट बनाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति देवाशीष जरारिया द्वारा बीएसपी यूथे के नाम से एक वेबसाइट चलाई जा रही है, जिसमें वह अपने आपको बहुजन समाज पार्टी का सदस्य बताते हुए बीएसपी के लिए देश भर से यूथ को जोड़ने की बात कह रहे हैं।
उनके द्वारा सदस्यता के लिए शुल्क वगैरह भी लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह भी बताया गया है कि देवाशीष जरारिया अक्सर टीवी चैनलों में बसपा समर्थक की हैसियत से बात भी करते हैं। मायावती ने कहा कि बसपा की किसी प्रकार की कोई भी विंग चाहे वह बीएसपी यूथ के नाम से हो या युवा मोर्चा या स्टूडेंट विंग या महिला मोर्चा आदि नहीं बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि देवाशीष जरारिया या किसी अन्य को कोई शाखा या संस्था बनाने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बसपा की तरफ से पक्ष रखने के लिए वरिष्ठ नेता सुधींद्र भदौरिया अधिकृत हैं।







