नई दिल्ली, 14 नवंबर। जनता दल युनाइटेड (जेडी-यू) के नेता शरद यादव ने एक बार फिर मोदी सरकार पर परोझ रुप से हमला बोला है। शरद यादव ने कहा कि राजस्थान में कथित गौरक्षकों द्वारा एक डेयरी उद्योग से जुड़े शख्स की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने कथित गौरक्षकों द्वारा की जा रही हिंसा के मुद्दे पर नाकाम रहने के लिए केंद्र की आलोचना की है। शरद यादव ने ट्वीट कर कहा,केंद्र सरकार कथित गौरक्षकों को नियंत्रित करने में नाकाम रही है, जिसके परिणामस्वरूप अलवर में एक और शख्स उमर खान की हत्या हुई,जो कुछ गायें लेकर जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह बड़ी दुर्भाग्य की बात है कि ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। इन अमानवीय कृत्यों से डेयरी उद्योग से जुड़े लोगों पर काफी असर पड़ा है। वहीं सरकार इस तरह के मामले को रोकाने में बिल्कुल नाकाम रही है।
बता दें कि अलवर के रामगढ़ थाना क्षेत्र में 10 नवंबर को अलवर-मथुरा रेलवे ट्रैक पर मिले शव की शिनाख्त भरतपुर जिले के पहाड़ी क्षेत्र के घाटमीका निवासी 40 वर्षीय उमर खान के रूप में हुई। उमर के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसे और उसके दो साथियों ताहिर और जावेद गायें लेकर भरतपुर जा रहे थे। तभी अलवर के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने गाड़ी रुकवा ली और बंदूक-धारदार हथियारों से हमला कर दिया। कथित गोरक्षकों ने गोली मारकर उमर की हत्या कर दी, जबकि ताहिर खां को घायल कर दिया। तीसरा साथी जावेद अभी लापता है।







