जयपुर : राजस्थान के ब्यावर जिले में फिल्म ‘शोले’ का सीन हकीकत में उतर आया, जब मस्तान पुत्र भंवर सिंह अपनी ‘बसंती’ के लिए निर्माणाधीन हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। रास थाना क्षेत्र की इस घटना में मस्तान अपने परिवार की एक लड़की से प्रेम विवाह की जिद लेकर टावर पर चढ़ा, जिससे पूरे प्रशासन के होश उड़ गए। परिजनों ने रिश्ते को नकार दिया था, तो मस्तान ने ‘वीरू’ स्टाइल में धमकी दी कि वह नीचे तभी उतरेगा, जब उसकी ‘बसंती’ से मुलाकात होगी।
सोशल मीडिया पर वायरल इस घटना का वीडियो ‘शोले’ के उस मशहूर सीन की याद दिलाता है, जहां वीरू पानी की टंकी पर चढ़कर बसंती के लिए हंगामा करता है। मस्तान करीब ढाई घंटे तक टावर पर डटा रहा, और नीचे भीड़ जमा हो गई। रास थाना प्रभारी धोलाराम परिहार और पुलिस टीम ने समझाने के बाद उसे सुरक्षित उतारा। गनीमत रही कि टावर में बिजली नहीं थी, वरना ‘ये सुसाइड नहीं, मर्डर’ वाला सीन बन सकता था! मस्तान को बाद में शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया गया।
वीडियो को 5 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यूजर्स ने इसे ‘शोले 2.0’ का नाम दिया, कोई बोला, “मौसी, मान जा, वरना टावर से कूद जाऊंगा!” तो किसी ने लिखा, “ब्यावर का वीरू रियल धमाल है!” लेकिन इस ‘फिल्मी’ प्रेम का अंत पुलिस थाने में हुआ। लोग इसे प्यार का जुनून कहें या मूर्खता, मस्तान की यह हरकत ब्यावर में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
सनद रहे कि प्रेम का जुनून समझ में आता है, लेकिन टावर पर चढ़ना और सामाजिक मर्यादाओं को तोड़ना कोई समाधान नहीं। ‘शोले’ की कहानी फिल्मों तक अच्छी लगती है, असल जिंदगी में समझदारी ही असली ‘धमाल’ है!






