जौनपुर, 4 जून। प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर और यूट्यूबर मुरलीवाले हौसला (मुरलीधर) को 3 जून को उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक कोबरा सांप के काटने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ताजा जानकारी के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। मुरलीवाले को जाल में फंसे कोबरा को बचाने के दौरान सांप ने काट लिया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया।
यह है हेल्थ अपडेट:
मुरलीवाले को 12 डोज एंटी-वेनम दिए गए हैं, और उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अस्पताल सूत्रों और सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, वह अब होश में हैं और चिकित्सकों की निगरानी में हैं। अगले 24 घंटे उनकी रिकवरी के लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
उनके प्रशंसकों और जौनपुर के लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। कई लोगों ने इसे “चमत्कार” बताया, क्योंकि मुरलीवाले ने अब तक 10,000 से अधिक सांपों को बचाया है।
जाल में फंसे कोबरा को बचाने वक़्त घटी घटना :
घटना जौनपुर के जलालपुर क्षेत्र में हुई, जहाँ मुरलीवाले अपनी टीम के साथ एक जाल में फंसे कोबरा को बचाने गए थे।
प्रतक्ष्यदर्शियों के अनुसार उनपर सांप ने अचानक हमला कर दिया, और मुरलीवाले को डंस लिया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया गया।
मुरलीवाले की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके लिए देशभर से दुआएँ और समर्थन के संदेश आ रहे हैं।

सांपों को बचाने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका :
मुरलीवाले हौसला ने सांपों को बचाने और जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके यूट्यूब चैनल पर वीडियो के माध्यम से वह लोगों को सांपों के प्रति गलत धारणाओं को दूर करने और उनकी सुरक्षा के लिए प्रेरित करते हैं। उनके इस नेक कार्य ने उन्हें देशभर में सम्मान दिलाया है।
सोशल मीडिया फैंस प्रतिक्रिया: सच्चे भक्त की रक्षा स्वयं ईश्वर करते हैं
- सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने लिखा, “सच्चे भक्त की रक्षा स्वयं ईश्वर करते हैं।”
- जौनपुर और आसपास के लोग उनके ठीक होने की खबर से राहत महसूस कर रहे हैं और उनके लिए प्रार्थनाएँ कर रहे हैं।
बता दें कि डाक्टरों के पैनल द्वारा मुरलीवाले की रिकवरी पर लगातार नजर रखी जा रही है। उनके परिवार और प्रशंसकों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करने की अपील की है।






