लखनऊ, 14 जून, 2021: उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्टस एसोसियेशन द्वारा आयोजित विभिन्न आयु वर्गो में आन लाइन खेली जा रही राज्य शतरंज चयन प्रतियोगिताओं के अंडर 10 आयु के ओपेन वर्ग में गाजियाबाद के विदित सेठी 6.5 अंकों के साथ चैम्पियन बने। गाजियाबाद के आदित अग्रवाल और इलाहाबाद के आदित्य त्रैहन दोनों ने ही 6-6 अंक अर्जित किये परंतु टाई ब्रेक के चलते उन्हें क्रमशः दूसरा तथा तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
अंडर 10 आयु की बालिका वर्ग में गौतमबुद्धनगर की ताश्ना अग्रवाल और वाराणसी की ऐशानी पाठक दोनों ने ही 4.5-4.5 अंक अर्जित किये परंतु टाई ब्रेक स्कोर के चलते ताश्ना अग्रवाल चैम्पियन बनी तथा ऐशानी पाठक को द्वितीय स्थान से संतोष करना पडा। गौतमबुद्धनगर की मोहिनी पंडित को 4 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
अंडर 10 आयु के ओपेन वर्ग के सातवे तथा अन्तिम चक्र में प्रथम बोर्ड पर गोरखपुर के विवान शुक्ला और विदित सेठी के मध्य स्लाव डिफेंस में बाजी का प्रारंभ हुआ। जिसमें काले मोहरों से आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विदित ने 30 चालों में विवान को परास्त कर पूरा अंक प्राप्त करते हुए चैम्पियनशिप पर अपना कब्जा जमा लिया। दूसरे बोर्ड पर आदित्य त्रैहन और गोरखपुर के रक्षित शेखर के मध्य गाइको पियानो वैरियेशन में खेल प्रारंभ हुआ जिसमें आदित्य ने मैराथन 80 चालों में रक्षित को पछाते हुए पूर्ण अंक अर्जित किया। तीसरे बोर्ड पर आदित अग्रवाल और आयुष विष्ट के मध्य स्लाव डिफेंस में बाजी खेली गयी जिसमें आदित ने आयुष को 31 चालों में मात देते हुए पूरा अंक अर्जित कर लिया।
अंडर 10 आयु के बालिका वर्ग में पांचवे तथा अन्तिम चक्र में प्रथम बोर्ड पर ऐशानी पाठक और गाजियाबाद की कृतिका खत्री के बीच इंगलिश ओपनिंग में बाजी खेली गयी जिसमें ऐशानी ने 41 चालों में कृतिका को बाजी छोडने पर मजबूर कर पूरा अंक प्राप्त कर लिया। दूसरे बोर्ड पर गौतमबुद्धनगर की शगुन प्रति और ताश्ना अग्रवाल के मध्य सिसिलयन ड्रेगन वैरियेशन में बाजी खेली गयी जिसमें ताश्ना ने काले मोहरों से शानदार मध्य खेल का प्रदर्शन करते हुए मात्र 28 चालों में ही शगुन पर जीत दर्ज कर पूर्ण अंक प्राप्त करने के साथ चैम्पियनशिप पर भी कब्जा जमा लिया। तीसरे बोर्ड पर मोहिनी पंडित और गौतमबुद्धनगर की आध्या सिंह के मध्य सिसिलयन नाजडार्फ वैरियेशन में चली बाजी में माहिनी ने 26 चालों में जीत दर्ज कर पूर्ण अंक प्राप्त कर लिया।
अंडर 10 आयु के ओपेन वर्ग में प्रथम तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडी 28 जून से 30 जून तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंडर 10 आयु के बालिका वर्ग में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडी 01 जुलाई से 03 जुलाई तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंडर 10 आयु के ओपेन वर्ग के अन्तिम परिणाम:
विदित सेठी 6.5 अंक (प्रथम स्थान), आदित अग्रवाल 6 अंक (द्वितीय स्थान) तथा आदित्य त्रैहन 6 अंक (तीसरा स्थान)।
अंडर 10 आयु के बालिका वर्ग के अन्तिम परिणाम:
ताश्ना अग्रवाल 4.5 अंक (प्रथम स्थान), ऐशानी पाठक 4.5 अंक (द्वितीय स्थान) तथा मोहिनी पंडित 4 अंक (तीसरा स्थान)।