नई दिल्ली, 11 सितम्बर 2018: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक ने अपने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक जड़कर अपनी विदाई को यादगार बना दिया है। कुक ने अपने टेस्ट करियर का 33वां टेस्ट शतक लगाते हुए 147 रन बनाये हैं। कुक ने 161 टेस्ट मैचों में 12472 रन बनाकर बतौर बल्लेबाज अपने टेस्ट करियर का अंत किया।
उन्होंने भारत के खिलाफ ही 2006 में नागपुर में टेस्ट पदार्पण किया था। कुक की विदाई को यादगार बनाने के लिए इंग्लिश मीडिया ने अनूठे अंदाज में फेयरवेल दिया है। इंग्लिश मीडिया ने कुक को टेस्ट मैच के चौथे दिन 33 बीयर की बोतलें उपहार में दीं। ये उनके 33 शतकों की याद में थीं।
कुक ने ओवरथ्रो के लिए बुमराह को कहा धन्यवाद
वहीं कुक ने कहा है कि उन्हें भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को धन्यवाद कहना है क्योंकि इस तेज गेंदबाज के ओवरथ्रो के कारण ही उन्होंने अपने करियर की अंतिम टेस्ट पारी में शतक पूरा किया और कठिन हालात से बच गए। कुक जब 96 रन बनाकर खेल रहे थे तब उन्होंने रविंद्र जडेजा की गेंद को एक रन के लिए खेला लेकिन बुमराह ने स्टंप पर तेज थ्रो की और इसके बाद ओवरथ्रो से बल्लेबाज को पांच रन मिले।
इस सलामी बल्लेबाज ने कहा, ‘ओवरथ्रो ने मुझे काफी परेशानी से बचा लिया। बुमराह ने इस श्रृंखला के दौरान मुझे काफी परेशान किया। उसके वहां मुझे वह क्षण देने के लिए मैं उसे धन्यवाद देना चाहता हूं।’ कुक ने कहा कि उनके संन्यास की घोषणा करने के बाद से उनका जिस तरह स्वागत हुआ उस पर विश्वास नहीं हो रहा और वह सभी के आभारी हैं कि अच्छे प्रदर्शन के साथ विदाई ले रहे हैं।







