कोलकाता, 07 अप्रैल। भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली विश्राम के बाद तरोताजा हो कर आईपीएल में वापसी कर रहे हों, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच जैक कैलिस उन्हें लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं। उन्होंने कहा उन्होंने पूरी रॉयल चैंलेजर्स बेंगलुरु टीम को बांधने की रणनीति तैयार कर ली है। दो बार की आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स रविवार को 11वें सीजन में कोहली की कप्तानी वाली टीम रॉयल चैंलेजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच से अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
42 साल के कैलिस ने कोहली से निपटने की अपनी रणनीति के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘हमारे पास सभी बल्लेबाजों के लिए योजना तैयार है। एक बल्लेबाज (कोहली) से पूरी टीम नहीं बनती।’ साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर कैलिस ने कहा, ‘जब आप एक बल्लेबाज को लेकर सोच में उलझते हैं, तो आप गलत चीजों पर ध्यान दे रहे होते हैं, आपको सभी बल्लेबाजों पर ध्यान देना होता है। तभी एक मुकम्मल रणनीति बनाई जा सकती है।’







