चेन्नई, 11 अप्रैल। अब आईपीएल मैच चेन्नई में नहीं होंगे। कावेरी जल विवाद को लेकर राज्य में तनाव को देखते हुए बीसीसीआई ने यह फैसला किया है। अब चेन्नई में होने वाले आईपीएल के सभी मैच दूसरे स्थलों पर आयोजित किये जाएंगे। इससे पहले मंगलवार रात को हुए मैच के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बाद भी प्रदर्शन कारियों ने स्टेडियम के बाहर जमकर प्रदर्शन किया था। ऐसे में अब चेन्नई पुलिस ने आगे के मैचों के लिए आईपीएल को सुरक्षा मुहैया कराने से इंकार कर दिया है।
वहीं इससे पहले आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला ने सुरक्षा बढ़ाने को लेकर केंद्रीय गृह सचिव से भी बात की थी और चेन्नई में आईपीएल मैचों की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ की टुकड़ियां भेजने का प्रस्ताव रखा लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद बीसीसीआईI के सामने चेन्नई के मैचों का स्थल बदलने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा।
मंगलवार को आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच के दौरान मैदान पर प्रदर्शनकारियों ने जूते फेंके थे। यहां तक कि कुछ युवा प्रदर्शनकारी स्टेडियम के अंदर घुस गए और उन्होंने मैदान पर एक जोड़ी जूते फेंक दिए।
यह मामला कोलकाता की पारी के आठवें ओवर में हुआ। एक रिपोर्ट के मुताबिक यह जूते सीमारेखा के पास तैनात चेन्नई के फील्डर रवींद्र जडेजा को निशाना बनाकर फेंके गए। यह जूते पट्टाबिरामन गेट की ओर से फेंके गए थे।
इसके बाद एक-दो जूते और फेंके गए जिसमें से एक जूता दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसी को जाकर लगा।
इसके बाद पुलिस ने दर्शकों में से दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिसकर्मी और चेन्नई सुपरकिंग्स के अधिकारी स्टेडियम के पास पहुंचे और उन्होंने सीमारेखा के पास से लोगों को हटाया था।







