गोल्डकोस्ट,10 अप्रैल। भारत के मनीष कौशिक और गौरव सोलंकी ने मुक्केबाजी प्रतियोगिता के अपने-अपने भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। मनीष ने 60 किलोग्राम वर्ग में और गौरव ने 52 किलोग्राम वर्ग के अंतिम-16 दौर के मुकाबलों में विरोधियों को शिकस्त दी। कौशिक ने शुरुआत धीमी के बाद त्रिनिदाद और टोबैगो के माइकल अलेक्जेंडर को 4-0 से मात दी। अब उनका मुकाबला क्वार्टर फाइनल में यूरोपीय चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता इंग्लैंड के कालम फ्रेंच से होगा।
वहीं भारतीय मुक्केबाज गौरव सोलंकी ने पांचवें दिन सोमवार को अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरुषों के 52 किलोवर्ग स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। गौरव ने अंतिम-16 दौर में घाना के अकिमोस अनांग एम्पियाह को एकतरफा रहे मैच में 5-0 से हराया। गौरव ने पांचवें दिन सोमवार को अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरुषों के 52 किलोवर्ग स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। घाना के अकिमोस गौरव के प्रहारों का सामना नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में उन्होंने भारतीय मुक्केबाज के आगे घुटने टेक दिए। गौरव का सामना अब क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पापुआ न्यू गिनी के मुक्केबाज चार्ल्स केइमा से होगा।







