नई दिल्ली, 30 जुलाई 2018: हरियाली बढ़ाने के लिए तेलंगाना सरकार द्वारा शुरू की गई ‘हरिथा हरम’ मुहिम से पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर, वीवीएस लक्ष्मण और स्टार शटलर साइना नेहवाल भी जुड़ गए हैं। हरिथा हरम मुहिम के तहत जब इन खिलाड़ियों को ‘ग्रीन चैलेंज’ दिया गया, तो उन्होंने खुशी-खुशी उसे स्वीकार किया।

वहीं, साइना नेहवाल ने पेड़ लगाते हुए फोटोज पोस्ट करते हुए ऐक्ट्रेस तापसी पन्नू, श्रद्धा कपूर, और ईशा गुप्ता को टैग किया। बता दें कि ‘हरिथा हरम’ के चौथे चरण की शुरुआत 1 अगस्त से होने वाली है। इसके तहत राज्य में मौजूद हरियाली को 23 प्रतिशत से 33 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, 4 साल में 230 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य था, जिसमें से 80 करोड़ लगाए जा चुके हैं।
‘हरिथा हरम’ के तहत तेलंगाना सरकार के मंत्री के टी रामा राव ने दोनों क्रिकेटर्स को टैग किया था। वहीं टीआरएस पार्टी की सांसद ने साइना को पौधे लगाने का चैलेंज दिया था। इसके बाद सचिन ने फावड़ा उठाया और कुछ पौधे लगा दिए। पौधों में पानी डालते हुए फोटोज शेयर करते हुए सचिन ने लिखा, ‘मैं यह चैलेंज स्वीकार करता हूं, आशा है आप लोग भी धरती को हरा-भरा बनाने में मदद करेंगे।’ दूसरी तरफ लक्ष्मण ने फोटोज पोस्ट करते हुए वीरेंदर सहवाग, मिताली राज और पी वी सिंधु को टैग करके पौधे लगाने को कहा।







