लखनऊ, 07 जून, 2021: उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्टस एसोसियेशन द्वारा आयोजित विभिन्न आयु वर्गो में आन लाइन खेली जा रही शतरंज चयन प्रतियोगिताओं के अंडर 14 आयु के ओपेन वर्ग में तीन चक्र की समाप्ति के बाद सोनभद्र के संकल्प त्रिपाठी, लखनऊ के मेधांश सक्सेना, गाजियाबाद के पार्थ भटनागर, अरनव धमीजा और लखनऊ के आर्यन पाण्डेय सहित सभी पांचों खिलाडियों ने अपने अपने प्रतिद्वंदियों पर जीत दर्ज कर 3 अंकों के साथ बढत बना ली है।
मैनपुरी के नारायण चौहान तथा गाजियाबाद के पर्व चोपडा 2.5 अंक लेकर द्वितीय स्थान पर चल रहे है। तीसरे चक्र में प्रथम बोर्ड पर मेधांश नें सफेद मोहरों से खेलते हुए लखनऊ के संयम श्रीवास्तव को गाइको पियानो ओपनिंग में 72 चालों में परास्त कर पूरा अंक अर्जित कर लिया। दूसरे बोर्ड पर अरवन धमीजा ने दर्श अग्रवाल को कैटलान ओपनिंग में 42 चालों में धाराशायी कर दिया।
तीसरे बोर्ड पर काले मोहरो से खेलते हुए संकल्प त्रिपाठी नें केशव सिंघल के विरुद्ध सिसिलयन ड्रेगन वैरियेशन का प्रयोग करते हुए मात्र 28 चालों में ही विजयश्री प्राप्त कर ली। चतुर्थ बोर्ड पर आर्यन पाण्डेय नें गर्व गर्ग को कैटलान ओपनिंग का प्रयोग करते हुए 57 चालों में जीत का परचम लहराया।
तीन चक्रों की समाप्ति के बाद अंडर 14 ओपेन वर्ग में अंकों की स्थिति इस प्रकार है-
संकल्प त्रिपाठी, मेधांश सक्सेना, पार्थ भटनागर, अरनव धमीजा और आर्यन पाण्डेय 3 अंक। नारायण चैहान और पर्व चैपडा दोनों 2.5 अंक।
अंडर 14 आयु के बालिका वर्ग में तीन चक्र की समाप्ति के बाद वाराणसी की नियति विक्रम सिंह ने सभी तीन चक्र जीत कर 3 अंकों के साथ एकल बढत बना ली है। गाजियाबाद की शुभि गुप्ता और कानपुर की तान्या वर्मा 2.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर चल रही है।
तीसरे चक्र में प्रथम बोर्ड पर नियति विक्रम सिंह ने वैष्णवी बगरी के विरु़द्ध इंग्लिश ओपनिंग से खेल का प्रारंभ किया वैष्णवी द्वारा मध्य गेम में की गयी एक गलती से नियति ने वैष्णवी का एक पैदल पीट कर लाभ की स्थिति प्राप्त कर ली तथा 50 चालों में बाजी को अपने नाम कर लिया कर लिया। दूसरे बोर्ड पर तान्या वर्मा और शुभि के बीच गाइको पियानो वैरियेशन में खेली गयी बाजी 42 चालों में बराबरी पर छूटी। तीन चक्रों की समाप्ति के बाद अंडर 16 बालिका वर्ग में अंकों की स्थिति इस प्रकार है ।
नियति विक्रम सिंह 3 अंक, शुभि गुप्ता और तान्या वर्मा दोनों 2.5 अंक।