लखनऊ, टीम्बर ट्राफी में सोमवार को नार्थ इस्टर्न रेलवे (एनईआर) और रूद्रांश क्रिकेट क्लब के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। इस मैच को 115 रन से जीतकर एनईआर की टीम ने सेमी फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सीडीएस सहारा के मैदान में खेले गये 35 ओवर के मैच में रूद्रांश ने टास जीतकर पहले क्षेत्र रक्षण करने का फैसला किया। एनईआर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में आठ विकेट खोकर 220 रन बनाये। इसमें सर्वाधिक 76 रन अंकित यादव ने बनाये। उन्होंने 10 चौका और एक छक्का की मदद से 53 बाल पर ये रन बटोरे। वहीं प्रशांत ने 47 रन, दीपक यादव ने 37 रन, उपेन्द्र यादव ने 36 रन बनाये। रुद्रांश के गेंदबाजों में सर्वाधिक तीन विकेट सौमित्र सिंह ने लिये।
रुद्रांश की टीम 105 रन बनाकर ही 22वें ओवर में धराशायी हो गयी और एनईआर ने 115 रन से मैच को जीत लिया। रुद्रांश के बल्लेबाजों में सर्वाधिक 44 रन पार्थ पटेल ने बनाये। वहीं एनईआर के गेंजबाजों में सर्वाधिक पांच विकेट सौरभ दुबे ने मात्र 18 रन देकर लिये। सौरभ ही मैन आफ द मैच घोषित किये गये। सौरभ कश्यप ने तीन विकेट लिये।







