लखीमपुर खीरी, 24 जून 2025: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा वन रेंज के जुगनूपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर तेंदुए ने अचानक हमला बोल दिया। इस घटना में 35 वर्षीय मजदूर मिहीलाल ने अदम्य साहस दिखाते हुए तेंदुए को नीचे गिरा लिया और उससे भिड़ गया। दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष चला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना दोपहर करीब 1 बजे की है, जब मिहीलाल मेड़ई लाल वर्मा के भट्ठे की चिमनी से राख निकाल रहा था। तभी तेंदुआ वहां छिपा हुआ था और उसने मिहीलाल पर झपट्टा मारा। मिहीलाल की चीख सुनकर आसपास के मजदूर और ग्रामीण मौके पर दौड़े। अन्य मजदूरों ने ईंट-पत्थर फेंककर तेंदुए को भगाने की कोशिश की। इस दौरान मिहीलाल ने तेंदुए को पकड़ रखा था और उसे छोड़ने को तैयार नहीं था। आखिरकार, तेंदुआ थक हारकर पास के केले के खेत में भाग गया, लेकिन भागते समय उसने चार अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी, वन दरोगा राजेश कुमार दीक्षित, और पीआरवी सिपाही राम सजीवन के साथ मौके पर पहुंची। जब वन टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए केले के खेत में जाल बिछाया, तो तेंदुए ने फिर से हमला किया, जिसमें वन दरोगा, रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी, सिपाही राम सजीवन, और ग्रामीण इकबाल खां घायल हो गए। सभी घायलों को धौरहरा सीएचसी ले जाया गया, जहां से मिहीलाल, इकबाल खां, और वन दरोगा को गंभीर हालत में लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। रेंजर और सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
वन विभाग ने ट्रैंक्विलाइज कर तेंदुए को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि तेंदुए के हमले में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों में न जाने की सलाह दी।
इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग वन विभाग से जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं। मिहीलाल की बहादुरी की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है, और लोग उनके साहस को सलाम कर रहे हैं।
क्या बोले लोग :
- रिजवान अहमद : जंगल कट रहे हैं उजड़ रही हैं जानवरों की बस्तियां , फिर लोग कहते हैं जानवर हमारी बस्तियों में आ रहे हैं!
- अहमद खान : दुनिया हमेशा की तरह वीडियो बनाती है ..अपनी जंग खुद लड़ने की ताकत होनी चाहिए।
- अखिलेश यादव : बाकई हिम्मत का काम किया मिही लाल ने। तमाशबीन उसकी मदद करने की वजाय ईंट बरसा रहे हैं गलती से भी अगर ईंट मिही लाल के सर में लग जाती तो उसकी जान भी जा सकती थी। भीड़ कभी किसी की जान बचाने का काम नहीं करती है। विडिओ बनाएंगे या इस तरह की जान लेवा हरकत करेंगे।
- आशु खान : मिहीलाल के हिम्मत को सलाम! भाई में हम्मत बहुत है तेंदूवे को दबोच लिया ।
- मनिंदर सिंह : लखीमपुर उत्तर प्रदेश में एक ईंट भट्टा मजदूर अपनी जान पर खेल कर तेंदुआ से लड़ता रहा और हिम्मत नहीं हारी। वहां मौजूद लोग सिर्फ वीडियो रील बनाते रहे। अब सर्व समाज बहुत संवेदनहीन हो गया है।







