अवैध खनन पर सख्ती : अभियान जारी रहेगा, 20 नई टीमें रवाना
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने उपखनिजों के अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर शिकंजा कस दिया है। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की सचिव एवं निदेशक श्रीमती माला श्रीवास्तव के निर्देश पर 1 से 3 मई तक प्रदेशव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान में बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में 385 वाहनों पर सख्त कार्यवाही की गई। इनमें अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के दोषी वाहनों पर कुल 1 करोड़ 85 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। अधिकांश वाहन वैध पाए गए, लेकिन नियम तोड़ने वालों पर विभाग ने बिना किसी नरमी के एक्शन लिया।
अभियान जारी रहेगा, 20 नई टीमें रवाना
श्रीमती माला श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर चलेगा। 6 मई से निदेशालय स्तर पर 20 विशेष टीमें विभिन्न जिलों में भेजी जा रही हैं।
अंतरराज्यीय परिवहन पर सख्त निर्देश
- अन्य राज्यों से आने वाले उपखनिजों का परिवहन केवल ISTP (Inter State Transport Permit) के माध्यम से ही हो।
- किसी भी हाल में ओवरलोडिंग न होने दी जाए।
- खनन क्षेत्रों के सोर्स प्वाइंट पर ही लोडिंग मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी अनियमितता पर त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेश में खनन गतिविधियां पूरी तरह पारदर्शी और कानूनसम्मत बनी रहें।
बता दें कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सरकारी राजस्व की सुरक्षा और नियमित खनन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।







