प्रधानमंत्री ने लखनऊ में यूनिवर्सिटी गेम्स का किया शुभारंभ, खेल प्रतिभाओं का संगम बना यूपी
लखनऊ। प्रधानमंत्री ने बीबीडी स्टेडियम में आयोजित ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023’ का वर्चुअली उद्धघाटन करते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में खेल के क्षेत्र में नए युग की शुरूआत हुई है। खेल के बजट में तीन गुना इजाफा हुआ है। देश में खिलाड़ियों के लिए संसाधनों के साथ ही अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर काम किया जा रहा है। करीब 3000 करोड रुपये खर्च करके गांव से शहर तक में खेल के लिए अवस्थापना सुविधाओं पर काम हो रहा है। इसमें यूपी ने बेहतर काम किया है।
राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा के साथ खिलाड़ियों को दे रही सम्मान के साथ नौकरी भी : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूनिवर्सिटी गेम्स में देश भर से आए खिलाड़ी भारत की नई ऊर्जा हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में खेलकूद की गतिविधियां तेज हुई हैं। ओलंपिक व पैरालंपिक में हिस्सा लेने वाले और मेडल जीतने वाल का सम्मानित करने के साथ ही सरकारी नौकरी में 2 फीसदी का आरक्षण दिया गया है। इस समय लगभग 500 खिलाड़ियों को नियुक्ति की प्रक्रिया प्रचलित है। कहा कि केंद्र द्वारा शुरू की गई खेलो इंडिया खेल, फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता, यूनिवर्सिटी गेम्स से खेलों की गतिविधियां गांव-गांव तक पहुंची हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की मेजबानी में तृतीय खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की विधिवत् शुरुआत गुरुवार को बीबीडी यूनिवर्सिटी में हुआ। खेलों के इस महाकुम्भ का वर्चुवल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने अपने में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भाग ले रहे खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के आयोजन से यूनिवर्सिटी में खेल के माहौल में बदलाव होगा और यह खेल उत्सव देश को नई ऊंचाई पर ले जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी देश की खेल प्रतिभाओं का संगम बना है। खेलो इंडिया में जितने खिलाड़ी आये है वे अलग राज्यों व अलग-अलग क्षेत्रों से आये है। मैं यूपी का सांसद हूं और यूपी में आने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत करता हूँ।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले खेलों में घोटाले होते थे और अब पूरे देश में खेलों को लेकर नया माहौल है। पीएम मोदी ने कहा कि पहले हमने खेलो इंडिया गेम्स की शुरुआत की। अब खेलो इंडिया विंटर्स गेम की भी शुरुआत हो गई है।







