पुलिस ने नामजद सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया, गांव में पुलिस तैनात
गोरखपुर, 14 सितम्बर, 2021: गोरखपुर में गाड़ी साइड करने को लेकर हुई कहासुनी से नाराज दबंगों ने भाजपा नेता व सेमराडाढ़ी गांव के प्रधान जेडी रंजन की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पर प्रधान के साले और बेटे को भी दबंगों ने पीटा। वहीं गंभीरता हालत में प्रधान को होने पर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां सुबह उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में नामजद सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एहतियातन गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
मामला सहजनवां थाना क्षेत्र के सेमराडाढ़ी गांव का है। जहां जेडी रंजन अपने साले मिथिलेश के साथ गांव में बन रहे पंचायत भवन के लिए आए सामान को उतरवा रहे थे। उसी दौरान गांव का चिन्ता अपने तीन बेटों के साथ कार से घर जा रहा था। पंचायत भवन का सामान लेकर आई गाड़ी को रास्ते से हटाने को लेकर प्रधान और चिंता के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि यह विवाद इतना बढ़ गया कि चिंता और उसके तीनों बेटों ने लाठी-डंडे से जेडी रंजन तथा उनके साले की बुरी तरह से पिटाई कर दी। सिर में चोट लगने से भाजपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी ठर्रापार ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में जेडी रंजन की मौत हो गई।
मामले में एसएसपी डॉ विपिन टाडा का कहना है कि गांव के ही पाटीदारों से वाहन खड़ा करने को लेकर प्रधान का विवाद हुआ था। जिस पर दोनों पक्षों में मारपीट में प्रधान की अस्पताल में मौत हुई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी सभी सातों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।







