दरोगा की करतूत से आक्रोशित ग्रामीणों ने एसीपी व इंस्पेक्टर से की शिकायत
लखनऊ, 18 नवंबर : मोहनलालगंज के हुलासखेड़ा में आयोजित प्राचीन मेले में एक दारोगा ने वर्दी का रौब दिखाते हुये मेले के रास्ते अपने घर जा रहे बाइक सवार निजी कम्पनी के कर्मचारी का 11 हजार रूपये का चालान काट दिया। दारोगा की इस हरकत से नाराज ग्रामीणो ने मेले का जायजा लेने पहुंचे एसीपी रजनीश वर्मा व इंस्पेक्टर आलोक राव से शिकायत की। जिस पर उन्होने दारोगा को ग्रामीणो की बाइक का चालान करने से मना किया। इंस्पेक्टर ने पीड़ित कर्मचारी को चालान का निस्तारण कराने का आश्वासन भी दिया। जिसके बाद ग्रामीणो का आक्रोश शांत हुआ।
प्राप्त खबर के अनुसार मोहनलालगंज के हुलासखेड़ा गांव निवासी निजी कम्पनी के कर्मचारी अनुज त्रिवेदी ने बताया प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की दोपहर 12-00 बजे के करीब अपनी बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर जा रहा था, जैसे ही चौराहे से गांव जाने वाले रास्ते पर मुड़ा तो ड्यूटी पर लगे एक दारोगा आन्नद राव अम्बेडकर ने मेला होने की बात कहकर रास्ता बंद होने की बात कही। जिस पर उसने गांव के अंदर के रास्ते घर जाने की बात कही तो दारोगा बिगड़ गया ओर अभद्रता करते हुये जाने से मना कर दिया। जिस पर उसने कुछ दूर आगे बाइक खड़ी करने की बात कही तो वर्दी के रौब में चूर दारोगा का पारा सातवे आसमान पर चढ गया ओर दारोगा ने मिन्नतो को दरकिनार करते हुये उसकी बाइक का 11 हजार रूपये का चालान काट दिया।
जिसके बाद कर्मचारी ने बाइक खड़ी कर ग्रामीणो से पूरी बात बताई तो सभी आक्रोशित हो गये तभी मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एसीपी रजनीश वर्मा व इंस्पेक्टर आलोक राव से दारोगा की शिकायत की जिसके बाद उन्होने दारोगा को ग्रामीणा का चालान न करने की हिदायत देते हुये समझाने की बात कही। इंस्पेक्टर ने कर्मचारी को चालान का निस्तारण कराये जाने का आश्वासन दिया। वही पूरे मामले में दारोगा आनन्द राव ने कहा जबरन मेले के रास्ते बाइक से कर्मचारी घर जाने पर अड़ा था जिसके चलते उसका चालान किया गया है। दारोगा ने अभद्रता के आरोपो को निराधार बताया।







