विवेकानंद मॉडर्न अकादमी में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, अमीनाबाद में बज़्म-ए-ख़्वातीन का जश्न-ए-आज़ादी
लखनऊ। 15 अगस्त 2026 को शहर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दो अलग-अलग समारोह हुए।विवेकानंद मॉडर्न अकादमी में पूर्व सेना अधिकारी कर्नल संजय श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक के साथ ‘भारत के विभाजन’, ‘स्वतंत्रता संघर्ष’ और ‘महिला सशक्तिकरण’ पर प्रस्तुतियाँ दीं। मार्शल आर्ट्स और पिरामिड प्रदर्शन भी हुए। विशिष्ट अतिथि रिचा राय तथा अध्यक्ष उमेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रधानाचार्या संगीता कौल, प्रबंधक निशी सिंह, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।
उधर, बज़्म-ए-ख़्वातीन के तत्वावधान में जनाना पार्क, अमीनाबाद में जश्न-ए-आज़ादी का आयोजन हुआ।
ध्वजारोहण के बाद महिलाओं ने “सारे जहाँ से अच्छा” गाया। डॉ. शाहिदा सिद्दीकी, प्रो. सामिया रईस और अध्यक्ष बेगम शहनाज़ सिदरत ने एकता, विविधता और जिम्मेदारियों पर बात की। यूथ विंग की सक्रिय सदस्यों को मेडल और मोमेंटो से सम्मानित किया गया। संचालन नशात हैयातुल्लाह ने किया।







