भावी पीढी ही विश्व समाज की आधारशिला है: डा. जगदीश गाँधी
लखनऊ, 26 जनवरी 22: सी.एम.एस. द्वारा आयोजित यू.एन. इण्टरनेशनल डे ऑफ एजूकेशन’ का वर्चुअल उद्घाटन प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि यह शैक्षिक समारोह छात्रों के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक सार्थक पहल है।
सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि आज की भावी पीढ़ी ही विश्व समाज की आधारशिला है। ऐसे में हम सभी का यह दायित्व है कि नई पीढ़ी को इस प्रकार शिक्षित व मार्गदर्शन प्रदान किया जाए जिससे आदर्श विश्व समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो सके।
इस मौके पर समाज सेविका एवं पद्मश्री अवार्डी सुश्री जनक पाल्टा मैक्गिलन, अमेरिका की सुश्री दारा फेडमैन एवं रूस की सुश्री नीना गोन्चार्वा ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
आस्ट्रेलिया से छात्र को मिला उच्चशिक्षा के लिए पढ़ाई का ऑफर
आस्ट्रेलिया के दो प्रख्यात विश्वविद्यालयों यूनिवर्सिटी एवं मेलबर्न एवं आर.एम.आई.टी. यूनिवर्सिटी ने सिटी मान्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के मेधावी छात्र अर्जुन टंडन को उच्च शिक्षा हेतु पढ़ाई का ऑफर दिया है।
डा. जगदीश गाँधी ने छात्र को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है। विदित हो कि सी.एम.एस. प्रदेश में एकमात्र एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध करा रहा है।
अंशिका को मिला काँस्य पदक
अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित वर्ल्ड मैथमेटिक्स टीम चैम्पियनशिप में सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) की कक्षा-9 की मेधावी छात्रा अंशिका रानी को कांस्य पदक मिला है। बता दें कि वर्ल्ड मैथमेटिक्स टीम चैम्पियनशिप के अन्तर्गत विश्व के विभिन्न देशों के चुनिन्दा प्रतिभागी छात्रों के बीच चार दौर की कड़ी प्रतिस्पर्धा सम्पन्न हुई, जिसमें प्रथम राउण्ड में बहुविकल्पीय प्रश्न, द्वितीय राउण्ड में लिखित प्रश्न, तीसरे दौर में रिले राउण्ड, चौथे दौर में टीम राउण्ड की प्रतियोगिता सम्पन्न हुई। इससे पहले, राष्ट्रीय स्तर पर तीन दौर की कड़ी प्रतियोगिता के उपरान्त भारत से मात्र 12 छात्रों को वर्ल्ड मैथमेटिक्स टीम चैम्पियनशिप हेतु चयनित किया गया था, जिसमें सी.एम.एस. की अंशिका रानी भी शामिल थीं।







