ग्रामीण स्वच्छता में देश में अव्वल, 2.74 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने – यूपी ने मचाया धमाल
लखनऊ : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) में उत्तर प्रदेश ने इतिहास रच दिया है! राज्य अब 100% ओडीएफ प्लस घोषित हो चुका है, जो ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में देश का पहला और सबसे बड़ा राज्य बन गया है।
प्रथम चरण में यूपी ने 2.74 करोड़ से अधिक व्यक्तिगत शौचालय (इज्जत घर) बनाकर देश में सबसे ज्यादा निर्माण का रिकॉर्ड बनाया। द्वितीय चरण में अब तक 57.25 लाख नए शौचालय और 59,165 सामुदायिक शौचालय तैयार हो चुके हैं।
इसके साथ ही 94,723 से ज्यादा गांवों को ओडीएफ प्लस का दर्जा मिल चुका है, जबकि 95,767 गांव ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन के साथ ओडीएफ+ बन चुके हैं। यानी अब गांवों में न सिर्फ शौचालय हैं, बल्कि कचरा प्रबंधन भी व्यवस्थित है!
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा: “मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायतें स्वच्छता की मिसाल बन रही हैं। शौचालय बनाना ही नहीं, उनका नियमित उपयोग और अपशिष्ट प्रबंधन हमारी प्राथमिकता है। यूपी अब देश के लिए प्रेरणा है!”
निदेशक पंचायती राज अमित कुमार सिंह ने बताया कि यह जन आंदोलन बन चुका है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पंचायतों की भागीदारी से स्वच्छता अब आदत बन रही है।यूपी की यह उपलब्धि साबित करती है – जब इच्छाशक्ति और जनसहयोग हो, तो स्वच्छता का सपना हकीकत बन जाता है!







