लखनऊ, 03 अप्रैल। भारत बंद के दौरान उत्तर प्रदेश के चार जिलों मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़ और आगरा में हुई हिंसा में दो लोगों व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
उत्तरप्रदेश के प्रमुख सचिव (गृह) अरविंद कुमार ने बताया कि मुजफ्फरनगर और मेरठ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई थी। प्रदर्शन में करीब 35 से 40 पुलिसकर्मी और 30 से 35 प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं तथा सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। इन चार जिलों में 448 लोगो को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
इन जिलों में सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में छिटपुट घटनाए हुई हैं, जबकि प्रदेश के 90 फीसदी हिस्से में पूरी तरह से शांति रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एससीएसटी एक्ट) से संबंधित उच्चतम न्यायालय की हाल की व्यवस्था को लेकर राज्य के कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन कर रहे लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने कुछ बसों में आग लगा दी थी। हालांकि स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।







