लखीमपुर खीरी, 03 जुलाई । हेलमेट न लगाने पर दरोगा ने एक सिख युवक का चालान काट दिया, जबकि एमबी एक्ट में सिख समाज के लोगों को हेलमेट न लगाने की छूट मिली हुई है। पीड़ित युवक अब न्याय के लिए उच्चाधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है। मंगलवार को युवक ने सदर कोतवाली में मीडिया कर्मियों को मामले की जानकारी दी।
खीरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला हनिया टोला निवासी अनूप सिंह पुत्र नरेश सिंह सोमवार की दोपहर किसी काम से लखीमपुर आया था। इसी दौरान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे हेलमेट अभियान के तहत सदर कोतवाली क्षेत्र की चौकी रोडवेज के अंतर्गत सौजन्या चौराहे पर पिता पुत्र की बाइक यूपी 31 एएल 5508 रोक लिया गया। इसके बाद चालान काट रहे दरोगा ने हेलमेट न लगाने पर अनुप सिंह का चालान भर दिया। अनूप की माने तो उन्होंने दरोगा से सिख समाज को पगड़ी होने के कारण हेलमेट न लगाने की छूट मिलने की बात कही। इसके बावजूद दरोगा ने उनकी एक न सुनी और चालान काट दिया।
पिता-पुत्र लखीमपुर में अपना काम निपटा कर वापस घर चले गए। आज मंगलवार को पिता-पुत्र उच्चाधिकारी के पास अपनी शिकायत दर्ज कराने वापस लखीमपुर आए। इस दौरान उन्होंने मीडिया कर्मियों को अपनी आप बीती बताई। वहीं इस मामले पर सीओ सिटी आरके वर्मा ने बताया कि हेलमेट सभी के लिए अनिवार्य है। सिख समाज के लोगों को क्या छूट मिली है,इससे वह अनभिज्ञ हैं। उन्होंने पत्रकारों को किसी विधि विशेषज्ञ से बात करने की नसीहत दे डाली। वहीं विधि विशेषज्ञ एडवोकेट राजीव अग्निहोत्री ने बताया कि 129 (1) एमबी एक्ट में सिख समाज के लोगों को हेलमेट न लगाने की छूट दी गई है। इसके बावजूद अगर कोई दरोगा ऐसा करता है तो उस पर पुलिस के उच्चाधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए।







