महानिदेशक ने झण्डी दिखाकर तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ
लखनऊ, 17 अगस्त : आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आवाहन पर पूरे प्रदेश के संगठन के पदाधिकारियों व शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने शिक्षा निदेशालय बेसिक निशातगंज लखनऊ से जीपीओ पार्क तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेश चन्द्र शर्मा के नेतृत्व में प्रातः 10:00 बजे निशातगंज स्थित शिक्षा निदेशालय बेसिक के प्रांगण में एकत्र हुए उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए महानिदेशक विजय किरण आनन्द ने कहा कि यह उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की अद्भुत व प्रशंसनीय पहल है।
उन्होंने संगठन द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा की प्रशंसा की। इस यात्रा में महानिदेशक द्वारा झण्डी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारे लगाते हुए पंक्ति बद्ध होकर शिक्षक जीपीओ पार्क स्थित गांधी जी की प्रतिमा तक पहुंचे वहां पहुंच कर सभी ने महात्मा गांधी को नमन किया। वहां उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि आज पूरे प्रदेश से चलकर यहां अपनी कोई मांग लेकर नहीं आया है बल्कि अपने राष्ट्र प्रेम से प्रेरित होकर अपने देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने की खुशी में राजधानी में तिरंगा यात्रा में शरीक हुआ है।
उन्होंने कहा कि हम आपके इस जज्बे को सलाम करते हैं आज आपने यह संदेश दिया है कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का हर सिपाही अपने देश की आन बान और शान पर मर मिटने को सदैव तत्पर रहता है हम शिक्षा तो देते ही हैं लेकिन साथ ही अपने राष्ट्र के गौरव के प्रति अहर्निश तैयार रहते हैं।
महामंत्री संजय सिंह ने कहा कि आज कि यह तिरंगा यात्रा यह संदेश देती है कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ अपने राष्ट्र को समर्पित एक जिम्मेदार संगठन है जो शिक्षा शिक्षक समाज व राष्ट्र के हितों के लिए सदैव तत्पर रहता है
सभा को कोषाध्यक्ष शिव शंकर पांडे वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधे रमण त्रिपाठी उपाध्यक्ष कृष्णानंद राय मंत्री वन्दना सक्सेना, सुधांशु मोहन आदि ने संबोधित किया।
तिरंगा यात्रा में प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक के अध्यक्ष मंत्री कोषाध्यक्ष जिलों के अध्यक्ष मंत्री कोषाध्यक्ष और प्रदेश व जिला कार्य समिति के समस्त पदाधिकारी गण और हजारों शिक्षक एवं शिक्षिकाएं तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया।