आरक्षण समर्थकों ने गरीब दलित युवा रवि कुमार गौतम की माता व पत्नी को दिया आश्वासन: आर्थिक कमी के चलते इलाज में नहीं होने पायेगी कोई परेशानी
लखनऊ, 08 अक्टूबर 2018: संघर्ष समिति ने आज फिर एक बड़ी मिसाल कायम करते हुए एक कैंसर पीड़ित गरीब दलित युवक की आर्थिक मदद की और आश्वासन भी दिया कि भविष्य में भी इलाज में कोई कमी नहीं आएगी।
बता दें कि आरक्षण समर्थक गरीब दलित युवा रवि कुमार गौतम जो वर्तमान में कैंसर रोग से पीड़ित हैं और मेडिकल कालेज, लखनऊ में भर्ती हैं और आर्थिक स्थिति मजबूत न होने की वजह से सुचारू रूप से इलाज नहीं करा पा रहे हैं।
बता दें यह वही रवि कुमार हैं, जो बाबा साहब की जयन्ती 14 अप्रैल को आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के पाण्डाल सम्बन्धी पूरी तैयार का जिम्मा सम्भालते हैं, जैसे संघर्ष समिति संयोजक मण्डल को जानकारी हुई उसी क्षण आज सुबह आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजक अवधेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में एक 9 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल मेडिकल कालेज, लखनऊ पहुंचकर पीड़ित का हाल चाल लेते हुए रवि कुमार गौतम की माता श्रीमती चन्द्रकली व पत्नी श्रीमती सीमा को रू0 50 हजार की आर्थिक मदद दी और भरोसा दिलाया कि आगे भी इलाज में कोई परेशानी नहीं आने दी जायेगी, पूरी संघर्ष समिति आपके परिवार के साथ खड़ी है।

संघर्ष समिति ने आज यह भी ऐलान किया है कि प्रदेश के सभी जिलों में आरक्षण समर्थक कार्मिक बाबा साहब पे बैक टू सोसायटी के तहत अपनी आय का कम से कम 5 प्रतिशत अनिवार्य रूप से समाज के जरूरतमंद व गरीबों परिवारों के सहयोग में खर्च कर समाज के प्रति अपना दायित्व निभाकर बाबा साहब के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धा अर्पित करें।
कैंसर से पीड़ित रवि कुमार गौतम से मिलने वाले आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, आरपी केन, अजय कुमार, श्याम लाल, पीएम प्रभाकर, अन्जनी कुमार, लेखराम, दिनेश कुमार, प्रेमचन्द्र ने कहा कि संघर्ष समिति हमेशा से बाबा साहब पे बैक टू सोसायटी के तहत मदद करती रही है, चाहे वह अभी दो दिन पहले स्व. संजीत राज की बहन की पढ़ाई व शादी की जिम्मेदारी का मामला हो, चाहे आईआईटी इंजीनियरिंग छात्र को आर्थिक मदद देने का मामला हो, मैनपुरी दलित होनहार की हत्या के बाद बहन की शादी सम्पन्न कराने व परिवार को आर्थिक मदद देने का मामला हो, प्रतापगढ़ पहुंचकर आरक्षण समर्थक दलित छात्र दिलीप सरोज की हत्या के बाद परिवार को आर्थिक मदद देने का मामला हो, बीबीएयू के छात्रों को अनेकों बार उनके अधिकार व उच्च शिक्षा के लिये आर्थिक मदद देने का मामला हो, दलित वकील के इलाज के लिये आर्थिक मदद देने का मामला हो इत्यादि मामलों में हमेशा अपने सभी सरकारी विभागों के कार्मिकों से सहयोग के बल पर आगे रही है और आगे भी इसी तरह समाज का सहयोग करने के लिये जरूरतमंदों के साथ खड़ी रहेगी।






